गौतम अदाणी, परिवार हुरुन इंडिया अमीरों की सूची में अव्वल, संपत्ति में 95% का इज़ाफ़ा

2024-08-29 ndtv.in HaiPress

गौतम अदाणी और उनके परिवार को हुरुन की 2024 इंडिया के अमीरों की सूची में अव्वल पायदान हासिल हुआ है...

अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनके परिवार को हुरुन की 2024 इंडिया के अमीरों की सूची में अव्वल पायदान हासिल हुआ है,और 95 फ़ीसदी की बढ़ोतरी के साथ उनकी संपत्ति 11.61 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. हुरुन की इंडिया के अमीरों की सूची के मुताबिक,देशभर में अरबपतियों की तादाद में कई गुणा वृद्धि हुई है. अब 334 भारतीय अरबपति हैं,जो 13 साल पहले सूची की शुरुआत के वक्त के अरबपतियों की संख्या से छह गुणा ज़्यादा हैं.

अमीरों की इस सूची में रिलायन्स इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार को दूसरा स्थान हासिल हुआ है,और उनकी कुल संपत्ति 10.14 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है.

1539 भारतीयों की संपत्ति 1000 करोड़ से ज़्यादा

हुरुन इंडिया की सूची में इस साल 1,539 व्यक्ति हैं,जिनकी कुल संपत्ति 1,000 करोड़ रुपये से अधिक है. यह संख्या पिछली बार की तुलना में 220 अधिक है,और इस सूची में 272 ऐसे व्यक्ति हैं,जिनका नाम पहली बार सूची में दर्ज हुआ है. 1,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की संपत्ति के मालिकों की संख्या पहली बार 1,500 का आंकड़ा पार कर पाई है,और पिछले पांच साल के दौरान इसमें 86 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

हुरुन इंडिया के अनुसार,पिछले साल के दौरान भारत में हर पांच दिन में एक नया अरबपति बना है.

शाहरुख खान को भी मिली रईसों में जगह

भारतीय फ़िल्म जगत के 'बादशाह' कहलाने वाले शाहरुख खान ने पहली बार हुरुन इंडिया की अमीरों की सूची में जगह बनाई है,और उनकी कुल संपत्ति 7,300 करोड़ रुपये आंकी गई है. फ़िल्म इंडस्ट्री से शाहरुख खान के अलावा इस बार जूही चावला तथा उनकी परिवार,ऋतिक रोशन,करण जौहर तथा अमिताभ बच्चन भी हुरुन इंडिया की अमीरों की सूची में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं.

इस साल की सूची में 18 व्यक्ति ऐसे हैं,जिनकी कुल संपत्ति एक लाख करोड़ रुपये से अधिक है. पिछले साल यह संख्या सिर्फ़ 12 थी,और एक दशक पहले सूची में सिर्फ़ दो शख्स थे,जिनकी संपत्ति एक लाख करोड़ रुपये से अधिक थी.

भारतीय अमीरों की कुल संपत्ति भारत की आधी GDP से ज़्यादा

हुरुन इंडिया की अमीरों की सूची की कुल संपत्ति बढ़कर 159 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है,जो सऊदी अरब और स्विटज़रलैण्ड की संयुक्त GDP से भी अधिक है,और भारत की GDP के आधे से ज़्यादा है.

हुरुन इंडिया की सूची में शामिल लोग कुल 29 उद्योगों और 42 शहरों से हैं. इनमें से 1,334 ने अपनी संपत्ति में इज़ाफ़ा किया है,272 नए चेहरे हैं,205 की संपत्ति में गिरावट आई है,45 का नाम सूची से नदारद हो गया है,और पांच का निधन हो गया है.

मुंबई में रहते हैं सबसे ज़्यादा अमीर

सूची में मुंबई से सबसे ज़्यादा 386 अमीर शामिल हैं. दिल्ली 217 नामों के साथ दूसरे स्थान पर है,और 104 अमीरों के साथ हैदराबाद तीसरे पायदान पर है. मुंबई से इस साल 66 नए नाम सूची में जोड़े गए हैं.

HCL के शेयर मूल्य में 50 फ़ीसदी की बढ़ोतरी के चलते 79-वर्षीय शिव नादर 3.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं. 1,200 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ 45-वर्षीय आनंद चंद्रशेखरन 2024 हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल होने वाले पहले एंजल निवेशक हैं. सूची में सबसे कम उम्र के अरबपतियों में हर्षिल माथुर और शशांक कुमार (दोनों की उम्र 33 वर्ष) हैं,जो एक पेमेंट सॉल्यूशन ऐप RAZORPAY के संस्थापक हैं.

सोशल मीडिया पर सबसे ज़्यादा फ़ॉलो होते हैं शाहरुख खान

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल अमीरों की औसत उम्र 64 साल है,जो पिछले साल की तुलना में एक साल ज़्यादा है. सूची में शामिल महिलाओं की औसत उम्र 65 साल है.

हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल लोगों में सोशल मीडिया पर सबसे ज़्यादा फ़ॉलो किए जाने वाले फ़िल्मस्टार शाहरुख खान हैं,जिन्हें X (अतीत में ट्विटर) पर 4.41 करोड़ लोग फ़ॉलो करते हैं. इसके बाद दूसरे स्थान पर ऋतिक रोशन हैं,जिनके फ़ॉलोअर्स की तादाद 3.23 करोड़ है.

(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited,an Adani Group Company.)

डिस्क्लेमर: यह लेख अन्य मीडिया से पुन: पेश किया गया है। रिप्रिंट करने का उद्देश्य अधिक जानकारी देना है। इसका मतलब यह नहीं है कि यह वेबसाइट अपने विचारों से सहमत है और इसकी प्रामाणिकता के लिए जिम्मेदार है, और कोई कानूनी जिम्मेदारी वहन नहीं करती है। इस साइट पर सभी संसाधन इंटरनेट पर एकत्र किए गए हैं। साझा करने का उद्देश्य केवल सभी के सीखने और संदर्भ के लिए है। यदि कॉपीराइट या बौद्धिक संपदा उल्लंघन है, तो कृपया हमें एक संदेश छोड़ दें।
© कॉपीराइट 2009-2020 भारतीय शहर की खबर      हमसे संपर्क करें   SiteMap